बस्ती, 24 मई। बस्ती लाइफ लाइन अस्पताल के संचालक ने अपने ऊपर लग रहे आरोपों को निराधार बताते हुए मीडिया के सामने सफाई पेश की। रविवार को दक्षिण दरवाजा स्थित एक मैरेज हाल में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि कुछ तथाकथित लोग उनके अस्पताल और चिकित्सा पेशे को बदनाम करने में जुटे हैं।
डॉ. तारिक ने आरोप लगाया कि चार-पांच लोग पिछले कुछ मामलों को लेकर उन पर अनावश्यक दबाव बना रहे हैं और नाजायज लाभ लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ उन्होंने जानकारी जुटा ली है और जल्द ही जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से केवल एक अस्पताल नहीं बल्कि पूरे चिकित्सा पेशे की छवि खराब हो रही है। डॉ. तारिक के अनुसार लगातार हो रहे विवादों का असर यह हुआ है कि अब डॉक्टर गंभीर मरीजों को अटेंड करने से भी बचने लगे हैं, जो भविष्य में चिंताजनक स्थिति पैदा कर सकता है।
डॉ. तारिक ने कहा कि अस्पताल में किसी मरीज को जबरन भर्ती नहीं किया जाता, बल्कि परिजन स्वयं मरीज लेकर आते हैं। उन्होंने दावा किया कि हजारों मरीज यहां से स्वस्थ होकर जा चुके हैं, लेकिन कुछ मामलों में दवा असर न करने पर पूरा दोष डॉक्टरों और अस्पताल पर मढ़ दिया जाता है।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और सभी जरूरी दस्तावेज मौजूद हैं। जरूरत पड़ने पर उन्हें सार्वजनिक करने के लिए भी वह तैयार हैं। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बेवजह बदनाम करने की कोशिशें नहीं रुकीं तो वह कानूनी कार्रवाई का सहारा लेंगे।








