बस्ती, पैकोलिया। घर में पंखा ठीककरते समय करंट की चपेट में आने से अधेड़ की मृत्यु हो गई। गढ़हा राजा गांव निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष 55 वर्षीय रामसरन मौर्य सुबह करीब 11 बजे घर में ही बिजली का पंखा ठीक कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्वजन उन्हें सीएचसी हरैया ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत्यु घोषित कर दिया। उनके दो पुत्र जिसमें अभय उर्फ सोनू मौर्य वायुसेना में सूरत शहर में तैनात हैं, जबकि अभिषेक मौर्य कृषि विभाग में झांसी शहर में पोस्टेड हैं। घर पर मृतक की मां सूरजा देवी और पत्नी कमला देवी का रो-रो कर बुरा हाल है।
हालांकि रामसरन बगल के ही करनपुर सेंगर गांव से भाजपा के बूथ अध्यक्ष भी थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर मौत की वजह का पता चल सकेगा।