बस्ती, 15 अप्रैल 2026। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निवारण संगठन बस्ती मण्डल की टीम ने एक सरकारी कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता दिनेश प्रताप नारायण मिश्र निवासी ग्राम सरौना थाना परशुरामपुर की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी सुनील कुमार पाण्डेय, जो कि क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी चिकित्सा कार्यालय बस्ती में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात हैं, को ₹50,000 की रिश्वत लेते समय दबोच लिया।
गिरफ्तारी की यह कार्रवाई दो स्वतंत्र लोकसेवक साक्षियों की मौजूदगी में की गई, जिससे पूरे मामले की पारदर्शिता सुनिश्चित की गई।
इस संबंध में थाना छावनी, जनपद बस्ती में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। वहीं, आरोपी के खिलाफ अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही भी जारी है।









