बस्ती। जिले के समग्र विकास, डिजिटल सशक्तिकरण और युवाओं व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से पहल संस्था ने कई महत्वाकांक्षी योजनाओं की घोषणा की है। संस्था के प्रमुख मनीष मिश्रा ने प्रेसवार्ता में कहा कि उनका लक्ष्य बस्ती को “वेस से स्पेस” तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि अगले एक वर्ष में जिले को पूर्णतः डिजिटल बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा, जिससे गांव-गांव तक डिजिटल सुविधाएं पहुंचेंगी और युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हाल ही में 2100 महिलाओं ने एक साथ सोहर गीत गाकर जिले के नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कराया। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए “राम जी का पेड़ा”, झोला, आचार, सिरका और मुरब्बा निर्माण जैसी योजनाएं शुरू की जा रही हैं। साथ ही 100 युवाओं को रोजगार, अगस्त में गांवों में क्रिकेट किट वितरण, “वीर सावरकर स्कॉलरशिप योजना” के तहत मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति तथा अगले माह लैपटॉप वितरण की भी घोषणा की गई।
प्रेसवार्ता में संजय मिश्रा, जीडी मिश्रा, अमित चौबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे और जिले के विकास में सहयोग का संकल्प दोहराया।









