बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के जयपुरवा निवासी सुरेन्द्र कुमार चौधरी ने बस्ती विकास प्राधिकरण (बीडीए) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उन्होंने घरसोहिया स्थित गाटा संख्या 77 व 78 का विधिवत बैनामा कराया था, जिसका सीमांकन, बाउंड्री और चिन्हीकरण भी कराया जा चुका था। उनके अनुसार उक्त भूमि पर किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं था।
सुरेन्द्र कुमार का आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को विकास प्राधिकरण द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के बुलडोजर चलाकर चिन्हीकरण ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता हरिओम के निर्देश पर की गई। जब उन्होंने नोटिस के बारे में जानकारी मांगी तो उन्हें गाटा संख्या 157/2 और 157/3 से संबंधित नोटिस दिखाया गया, जिससे उनका कोई संबंध नहीं है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने पहले ही गाटा संख्या 77 व 78 के लेआउट के संबंध में आवेदन किया था, लेकिन अवैध मांग पूरी न करने के कारण उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि उनकी वैध जमीन पर मनमानी करते हुए उन्हें “भू-माफिया” बताया जा रहा है, जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है।
सुरेन्द्र कुमार चौधरी ने कहा कि वे इस मामले को जिलाधिकारी के समक्ष रखेंगे। यदि दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, तो वे इलाहाबाद उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे और संबंधित लोगों पर मानहानि का मुकदमा भी दायर करेंगे।









