राजस्थान के अजमेर से साइबर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला टीचर 5 रुपए के खास नोट को बेचने के लालच में 3.66 लाख रुपये गंवा बैठीं। जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने Facebook पर ट्रैक्टर वाली तस्वीर वाले 5 रुपए के नोट को 48 लाख में बेचने का विज्ञापन देखा।
विज्ञापन से प्रभावित होकर महिला ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया। ठगों ने पहले नोट की फोटो मंगवाई और फिर प्रोसेसिंग फीस के नाम पर छोटी रकम ली। इसके बाद जीएसटी, ट्रांसपोर्ट और अन्य शुल्क के बहाने अलग-अलग खातों में कुल 3.66 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
जब काफी समय तक रकम वापस नहीं मिली तो महिला को ठगी का एहसास हुआ। पीड़िता के पति ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।












