बस्ती। भारतीय जनता पार्टी के “महिला जन आक्रोश अभियान” के तहत सोमवार को जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। रुधौली और कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र की भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के नेतृत्व में सपा सांसद के आवास का घेराव कर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में महिला मोर्चा पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर महिला सम्मान और सुरक्षा के समर्थन में नारेबाजी की।
धरना को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक संजय प्रताप जायसवाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है, जिससे महिलाओं का सामाजिक और आर्थिक स्तर मजबूत हुआ है। वहीं विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कुछ दल जनता को भ्रमित करने में लगे हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएंगे।
पूर्व प्रत्याशी संगीता जायसवाल ने उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और मिशन शक्ति जैसी योजनाओं को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। जिला उपाध्यक्ष शालिनी मिश्र ने कहा कि यह अभियान महिलाओं की आवाज को मजबूती देने का माध्यम है। पूर्व विधायक सी.ए. चंद्र प्रकाश शुक्ला ने विपक्ष पर महिला सम्मान के मुद्दे को लेकर गंभीर न होने का आरोप लगाया।
कार्यक्रम का संचालन सुमन सिंह और दिलीप पाण्डेय ने किया। इस दौरान शिवांगी सिंह, प्रियंका पाण्डेय, वीना पाण्डेय, रंजना, मंजू देवी, शीला, मुनकी देवी, रेखा, नीलम गौड़ समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।









