बस्ती। जिले के मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने लेखपाल पर रिपोर्ट लगाने के नाम पर छह हजार रुपये की अवैध वसूली और ठगी करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत मुख्य राजस्व अधिकारी से करते हुए कार्रवाई और धन वापसी की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके पुत्र से जुड़े एक मामले में रिपोर्ट न्यायालय के निर्देश पर तहसील भेजी गई थी। आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल वीरेन्द्र कुमार पाण्डेय ने 29 मई को तहसील बुलाकर दो हजार रुपये लिए और अगले दिन रिपोर्ट भेजने का भरोसा दिया। लेकिन निर्धारित समय पर रिपोर्ट न्यायालय में नहीं पहुंची।
पीड़ित का आरोप है कि बाद में लेखपाल ने फोन कर एक व्यक्ति से मिलने को कहा। ओड़वारा बाजार में मिले विकास मणि नामक युवक ने कथित तौर पर लेखपाल के नाम पर चार हजार रुपये और ले लिए। शिकायतकर्ता का कहना है कि कुल छह हजार रुपये लेने के बावजूद उसका कार्य नहीं हुआ। उसने आरोप लगाया कि लेखपाल और निजी व्यक्ति ने मिलकर उसके साथ ठगी की है।
पीड़ित ने मुख्य राजस्व अधिकारी से मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कराने तथा वसूली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। मामले की सत्यता की जांच प्रशासनिक स्तर पर की जा रही है।








