बस्ती। जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मानिकरपुर निवासी उमेश चौधरी पुत्र रामलखन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश किसी काम से नगर क्षेत्र गया था और बाइक से वापस कप्तानगंज लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसकी बाइक अचानक सड़क किनारे निकली पेड़ की टहनी से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।









