हरैया को 504 करोड़ की 77 विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना

By Arun Kumar

Published on:

Advertisements

बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को हरैया पहुंचकर लगभग 504 करोड़ रुपये की 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने हरैया विधायक अजय सिंह की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए एक मजबूत पैरोकार जरूरी होता है और हरैया लगातार विकास की नई पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 84 कोसी परिक्रमा मार्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ अयोध्या रिंग रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भद्रेश्वरनाथ धाम, करण धाम, मखो ड़ा धाम सहित प्रदेश के करीब 1500 मंदिरों का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण कराया गया है। पहले कब्रिस्तान की बाउंड्री के नाम पर धन खर्च होता था, जबकि अब वही संसाधन धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास में लगाए जा रहे हैं।

सीएम योगी ने कहा कि पहले गरीबों, दलितों और वंचितों की जमीनों पर कब्जे होते थे, लेकिन अब कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि बस्ती में भी कब्रिस्तान के नाम पर हो रहे अवैध कब्जों को हटवाने का काम कराया गया था।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर विकास की उपेक्षा, अराजकता और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में सड़क, बिजली और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था, जबकि आज हर क्षेत्र में तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने राम मंदिर, धार्मिक स्थलों के विकास और सुरक्षा व्यवस्था को सरकार की उपलब्धियां बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन और किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, मुफ्त ट्यूबवेल बिजली तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। उन्होंने लोगों से विकास के लिए बेहतर जनप्रतिनिधियों को चुनने की अपील करते हुए कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित बस्ती प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश प्रभारी सूर्य प्रताप शाही, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, हरैया विधायक अजय सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Arun Kumar

Arun Kumar is a senior editor and writer at www.bhartiyasarokar.com. With over 4 years of experience, he is adept at crafting insightful articles on education, government schemes, employment opportunities and current affairs.

Leave a comment