डॉ. आर्येन्दु द्विवेदी के सेवानिवृत्त होने पर वीरेन्द्र प्रसाद ने संभाली प्राचार्य पद की जिम्मेदारी

By Arun Kumar

Published on:

Advertisements

बस्ती, 30 सितंबर। रामधनी सिंह नोहरा देवी राजकीय महाविद्यालय, गड़हा गौतम, कप्तानगंज में बुधवार को एक गरिमामय कार्यक्रम के बीच वरिष्ठ प्राध्यापक एवं इतिहास विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर वीरेन्द्र प्रसाद ने प्राचार्य पद का कार्यभार ग्रहण किया। यह जिम्मेदारी उन्होंने महाविद्यालय के निवर्तमान प्राचार्य डॉ. आर्येन्दु द्विवेदी के सेवानिवृत्त होने के उपरांत संभाली।

कार्यभार ग्रहण समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार की ओर से नवनियुक्त प्राचार्य वीरेन्द्र प्रसाद का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा उनके सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह में अंग्रेजी विभाग की प्रोफेसर डॉ. विद्यावती यादव, गृहविज्ञान विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पूनम, हिंदी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, वरिष्ठ सहायक विपिन शर्मा, विजय यादव, सुचेता यादव एवं सुभाष सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्राचार्य वीरेन्द्र प्रसाद ने कहा कि महाविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों के माध्यम से विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करते हुए महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।

इस दौरान महाविद्यालय परिवार ने निवर्तमान प्राचार्य डॉ. आर्येन्दु द्विवेदी के कार्यकाल को याद करते हुए उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों और शैक्षणिक योगदान की सराहना की। उपस्थित लोगों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की कामना भी की।

महाविद्यालय परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां सभी ने संस्थान के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

Arun Kumar

Arun Kumar is a senior editor and writer at www.bhartiyasarokar.com. With over 4 years of experience, he is adept at crafting insightful articles on education, government schemes, employment opportunities and current affairs.

Leave a comment