बस्ती। जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र स्थित पाड़िया चौराहे के पास मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बुर्का पहने एक महिला मोबाइल टावर के ऊपरी हिस्से पर चढ़ गई। महिला को टावर पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही वाल्टरगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू कर दिए। टावर की ऊंचाई अधिक होने के कारण पुलिस और प्रशासन को महिला से संवाद स्थापित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला काफी देर तक टावर पर मौजूद रही, जिससे आसपास के लोगों की चिंता बढ़ गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है और लोगों को टावर के आसपास जाने से रोका जा रहा है।
मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल महिला के टावर पर चढ़ने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।









