बस्ती। कप्तानगंज रेंज क्षेत्र में पौधों की सुरक्षा के लिए खरीदे गए लाखों रुपये के ट्री गार्ड खुले आसमान के नीचे जंग खाते पड़े हैं। भुवनपुर स्थित एसडीजी पब्लिक स्कूल परिसर के पास बड़ी संख्या में ट्री गार्ड लंबे समय से अनुपयोगी अवस्था में पड़े होने से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले से मौजूद ट्री गार्ड क्षतिग्रस्त होने के बाद उनका पुनः उपयोग नहीं कराया गया, जबकि नए ट्री गार्ड खरीदकर भी उन्हें उसी स्थान पर छोड़ दिया गया। इससे सरकारी धन की बर्बादी और वृक्षारोपण अभियान की वास्तविक स्थिति उजागर हो रही है।
जानकारों के अनुसार एक ट्री गार्ड की कीमत 800 से 1200 रुपये तक होती है। ऐसे में बड़ी संख्या में पड़े ट्री गार्ड लाखों रुपये के नुकसान की ओर संकेत करते हैं। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।









