अरुण कुमार
बस्ती। जिले के कप्तानगंज विकासखंड में आंगनबाड़ी सहायिका की नियुक्ति को लेकर रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन बस्ती मंडल की टीम ने एक सफाई कर्मचारी को ₹25 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता विनय कुमार वर्मा निवासी ग्राम बढ़या, थाना कप्तानगंज ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि उसकी पत्नी की आंगनबाड़ी सहायिका पद पर नियुक्ति कराने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने बुधवार को जाल बिछाकर आरोपी शिवमूरत पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र निवासी पोखरा बाजार, थाना नगर बस्ती को ₹25,000 रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात बताया जा रहा है तथा ब्लॉक कप्तानगंज कार्यालय से संबद्ध था।
गिरफ्तारी के दौरान ब्लॉक परिसर में मौजूद कुछ कर्मचारियों और प्रधानों ने विरोध भी किया। इस दौरान गेट बंद करने की कोशिश की गई, लेकिन एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने कब्जे में लेकर बस्ती कोतवाली के लिए रवाना हो गई।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली बस्ती में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। मामले को लेकर पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।









