बस्ती। जनपद के एक निजी अस्पताल पर नवजात के इलाज में लापरवाही और लाखों रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगा है। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के गिदही खुर्द निवासी मुहम्मद इमरान ने लाइफ लाइन हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. तारीक एहशान और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ जिलाधिकारी व स्वास्थ्य विभाग को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित का आरोप है कि नवजात की हालत गंभीर बताकर अस्पताल प्रशासन ने अनावश्यक इलाज किया और इलाज के नाम पर भारी रकम वसूली गई। साथ ही समय पर सही उपचार न मिलने से बच्चे की स्थिति बिगड़ती चली गई। मामले में अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और आर्थिक शोषण के आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।








