रुधौली। गन्ना किसानों की आय बढ़ाने और फसल को रोग एवं कीटों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बजाज चीनी मिल रुधौली ने एक विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। मिल प्रबंधन द्वारा बहादुरपुर, लकड़ा, तिलकपुर, हनुमानगंज सहित विभिन्न गांवों के गन्ना खेतों में विशेष लैंप लगाने का कार्य किया जा रहा है। इस पहल के तहत किसानों को कम लागत में कीट नियंत्रण की तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
सहायक महाप्रबंधक (गन्ना) अनिल कुमार शुक्ला एवं गन्ना प्रबंधक अरविंद द्विवेदी ने बताया कि लैंप की रोशनी से आकर्षित होकर फसल को नुकसान पहुंचाने वाले कीट-पतंगे नष्ट हो जाते हैं, जिससे गन्ने की फसल सुरक्षित रहती है। यह अभियान विशेष रूप से उन्नतशील गन्ना प्रजातियों 14201, 16202, 15023, 13235 और 0118 के प्लाटों पर चलाया जा रहा है।
सीनियर गन्ना अधिकारी एवं मीडिया प्रभारी बाल सिंधु गगन पांडे ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि सूर्यास्त के बाद रात 10 बजे तक खेतों में लैंप अवश्य जलाएं। इससे चोटी भेदक कीट सहित अन्य हानिकारक कीटों पर प्रभावी नियंत्रण होगा। उन्होंने बताया कि लैंप की रोशनी जंगली जानवरों को भी खेतों से दूर रखने में सहायक होती है। मिल द्वारा कृषक गोष्ठियों के माध्यम से किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। किसान अधिक जानकारी और योजनाओं का लाभ लेने के लिए अपने जोन कार्यालय या फील्ड सुपरवाइजर से संपर्क कर सकते हैं।









