चार माह से कमीशन और अन्य देय भुगतान न मिलने से नाराज कोटेदारों ने कप्तानगंज ब्लॉक में बैठक कर अपनी समस्याओं को उठाया। बैठक में अन्नपूर्णा भवन निर्माण, लंबित भुगतान और संगठन की आगामी रणनीति पर चर्चा करते हुए सरकार व प्रशासन से जल्द समाधान की मांग की गई।
बस्ती। चार माह से कमीशन का भुगतान न होने और विभिन्न लंबित मांगों को लेकर कोटेदारों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में कप्तानगंज ब्लॉक में मोहम्मद करीम के नेतृत्व में कोटेदारों की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में कोटेदार शामिल हुए।
बैठक में कोटेदारों ने आरोप लगाया कि उन्हें कई महीनों से कमीशन का भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा एमडीएम (मिड-डे मील) से संबंधित देय भुगतान भी अब तक नहीं मिला है। कोटेदारों ने नगर पंचायत कप्तानगंज क्षेत्र में भी अन्नपूर्णा भवन का निर्माण कराए जाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि जिस प्रकार ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन बनाकर कोटेदारों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं, उसी प्रकार नगर पंचायत क्षेत्र के कोटेदारों को भी यह सुविधा मिलनी चाहिए।
बैठक में कोटेदारों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें व्यापार मंडल व उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप उत्तर प्रदेश संगठन की आगामी महत्वपूर्ण बैठक 17 जून को सुबह 11 बजे आयोजित किए जाने की जानकारी भी दी गई।
बैठक में मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष दीप नारायण राय, ब्लॉक अध्यक्ष मोहम्मद करीम, राम प्रकाश चौधरी, मेहंदी हसन, कमलेश चौधरी, तिलकराम, दिनेश कुमार, गजाधर, भीम यादव, महेश कुमार, अजय कुमार, बाबूराम पांडेय, जितेंद्र कुमार, कलीमुल्लाह, विनोद कुमार, उमाशंकर सहित ब्लॉक के सभी कोटेदार उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में बताया गया कि अगली बैठक प्रेस क्लब लखनऊ में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश स्तर के सभी पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।








