बस्ती। हरैया तहसील क्षेत्र के ग्राम गुआव निवासी सोचनी पत्नी हरिशंकर उर्फ बब्बन ने गांव के कुछ दबंगों पर जबरन मकान और जमीन कब्जाने का आरोप लगाते हुए उपजिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता के अनुसार वह गरीब खेतिहर मजदूर है और अपने भूमिधरी गाटा संख्या 136 में बने मकान में रहती थी। आरोप है कि गांव के कई लोगों ने दबंगई के बल पर उसके मकान पर कब्जा कर लिया।
पीड़िता का कहना है कि पंचायत के जरिए कई बार मामला सुलझाने का प्रयास किया गया, लेकिन विपक्षी मानने को तैयार नहीं हुए। आरोप है कि 23 अप्रैल 2026 को जब वह अपने घर खाली कराने पहुंची तो विपक्षियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से दौड़ा लिया और जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।
महिला ने एसडीएम से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कब्जा हटवाकर मकान वापस दिलाने की मांग की है।









