ग्रामीण पत्रकारिता दिवस पर जुटे कलमकार, पत्रकारों की चुनौतियों और अधिकारों पर गूंजा मंथन

By Arun Kumar

Published on:

Advertisements

बस्ती। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संस्थापक स्वर्गीय बाबू बालेश्वर लाल की 39वीं पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार को टाटा मोटर्स एसपी ऑटो व्हील्स गोटवा के सभागार में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को “ग्रामीण पत्रकारिता दिवस” के रूप में मनाया गया, जहां जिलेभर के पत्रकारों ने एकजुट होकर पत्रकारिता के वर्तमान हालात, चुनौतियों और अधिकारों पर गंभीर चर्चा की।

कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन के संरक्षक अखिलेश दुबे, कैलाश नाथ दूबे, मंडल अध्यक्ष डॉ. बलराम त्रिपाठी एवं अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद बाबू बालेश्वर लाल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

पत्रकारों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई जारी : डॉ. बलराम त्रिपाठी

मुख्य अतिथि मंडल अध्यक्ष डॉ. बलराम त्रिपाठी ने कहा कि बाबू बालेश्वर लाल ने पत्रकारों के संघर्ष और समस्याओं को करीब से महसूस करते हुए संगठन की स्थापना की थी। आज वही संगठन पत्रकारों की आवाज बनकर मजबूत वटवृक्ष के रूप में खड़ा है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए संगठन लगातार संघर्षरत है।

समाज की उम्मीद आज भी पत्रकारिता से : अखिलेश दुबे

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संरक्षक अखिलेश दुबे ने कहा कि जब समाज का अंतिम व्यक्ति हर तरफ से निराश हो जाता है, तब उसे पत्रकारिता से न्याय की उम्मीद रहती है। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है।

पत्रकार हितों की रक्षा में संगठन सदैव सक्रिय : कैलाश नाथ दूबे

संरक्षक कैलाश नाथ दूबे ने कहा कि संगठन हमेशा पत्रकारों के मान-सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए मजबूती से खड़ा रहा है। उन्होंने बाबू बालेश्वर लाल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।

पत्रकार समाज का सजग प्रहरी : पंकज त्रिपाठी

कार्यक्रम का संचालन कर रहे महामंत्री पंकज त्रिपाठी ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन हर परिस्थिति में पत्रकार साथियों के सम्मान और हितों की लड़ाई लड़ता रहेगा। उन्होंने पत्रकारों से एकजुट होकर जनहित की पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को महामंत्री विवेक मिश्र, अनिल पांडेय, डॉ. अजीत मणि त्रिपाठी, राजेश सिंह विसेन, अरुण मिश्र, जनार्दन पाण्डेय, हरिशंकर पांडेय, धनीश त्रिपाठी, दिनेश शुक्ल सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।

इस अवसर पर जिलेभर से बड़ी संख्या में पत्रकार, पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में पत्रकार एकता, सुरक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता और ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं को लेकर गंभीर मंथन देखने को मिला।

Arun Kumar

Arun Kumar is a senior editor and writer at www.bhartiyasarokar.com. With over 4 years of experience, he is adept at crafting insightful articles on education, government schemes, employment opportunities and current affairs.

Leave a comment