यूपी, संभल : तेज रफ्तार बोलेरो कार शुक्रवार शाम अनियंत्रित होकर जनता इंटर कालेज की दीवार से टकरा गई। हादसे में बोलेरो सवार दूल्हे समेत आठ लोगों की मौत हो गई।
बोलेरो में 10 लोग सवार
बोलेरो में 10 लोग सवार थे। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर से बरात रवाना होने के 10 मिनट बाद ही हादसा हो गया। हादसे से दोनों परिवारों में शादी की खुशियां मातम में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि बोलेरो की रफ्तार तेज थी। वह सड़क पर पलटने के बाद घिसटकर स्कूल की दीवार से टकरा गई।मूलरूप से राजस्थान के सूरज पाल के स्वजन संभल में मजदूरी करते हैं। शुक्रवार को शाम करीब सात बजे बरात घर से रवाना हुई थी। अन्य वाहन आगे निकल गए थे। दूल्हे के साथ उनके परिवार के लोग और रिश्तेदार बोलेरो से जा रहे थे। घर से करीब आठ किलोमीटर दूर इंटर कालेज के पास बोलेरो अनियंत्रित हो गई और कालेज की दीवार से टकरा गई। वाहन की रफ्तार तेज होने के कारण बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जेसीबी से गेट तोड़कर बमुश्किल सबको बाहर निकाला
पुलिस ने जेसीबी से गेट तोड़कर बमुश्किल सबको बाहर निकाला। हादसे में दूल्हा सूरजपाल, भाभी आशा और दो वर्षीय भतीजी एश्वर्या, परिवार के ही एक वर्षीय गणेश और कोमल की मृत्यु हो गई। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया।
हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर किया गया। अलीगढ़ ले जाने के दौरान दूल्हे की बहन मधु, चालक रवि, बहनोई सचिन की मौत हो गई।