भाई-बहन और गर्भवती भाभी को ट्रक ने रौंदा, तीनों की मौत

By Arun Kumar

Published on:

Advertisements

आगरा। इरादतनगर-सैंया मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने गर्भवती भाभी और बहन के साथ वाहन का इंतजार कर रहे युवक को रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बहन की अस्पताल ले जाते समय और गर्भवती भाभी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से ‘भाग निकला। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से गांव में चीत्कार मच गई।गांव जोधापुरा निवासी विजय सिंह किसान हैं। उनका 23 वर्षीय बेटा दिलीप पिता के काम में हाथ बंटाता था।

इरादतनगर-सैंया मार्ग पर

वह गुरुवार को 15 वर्षीय बहन सुमन और 25 वर्षीय गर्भवती भाभी बेबी देवी पत्नी दौजीराम के साथ रजपुरा गांव में रिश्तेदारी में आए थे। यहां से लौटते समय दोपहर 12:30 बजे तीनों इरादतनगर-सैंया मार्ग पर बाबू महाराज मंदिर के सामने सवारी वाहन का इंतजार कर रहे थे।

तभी इरादतनगर की ओर से तेज गति से आए ट्रक ने सड़क किनारे खड़े तीनों लोगों को रौंद दिया। हादसे में दिलीप की मौके पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से घायल सुमन और बेबी देवी को अस्पताल भेजा।

हालांकि सुमन ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। वहीं शाम 6:30 बजे उपचार के दौरान गर्भवती भाभी बेबी देवी की भी मृत्यु हो गई। हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर सुन दिलीप कीमां प्रेमवती और पिता विजय सिंह बेसुध हो गए।

घटना पर इंस्पेक्टर ने कहा

इंस्पेक्टर उपेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

हे ईश्वर, तूने बुढ़ापा खराब कर दिया’

दौजीराम और बेबी देवी का विवाह एक वर्ष पूर्व हुआ था। बेबी का मायका नूरपुर, फतेहपुर सीकरी में है। ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि बेबी देवी आठ माह की गर्भवती थी। उनका शमसाबाद में इलाज चल रहा था। पति दौजीराम नियमित रूप से उन्हें चिकित्सक के पास जांच के लिए ले जाते थे। घर में नए मेहमान को लेकर खुशी का माहौल था।

वहीं दिलीप का रिश्ता हाल ही में मनिया, राजस्थान से तय हुआ था और उनकी 18 फरवरी को शादी थी। नए मेहमान और नई बहू के आने की खुशी से प्रेमवती फूली नहीं समा रही थीं। पड़ोसियों से कहती थीं, दादी बनना बड़े भाग्य से नसीब होता है और अब तो नई बहू भी आने वाली है। घर में एक साथ तीन शव देखकर वह बेहोश हो गईं।

गांव की महिलाओं ने पानी के छींटे मारकर उन्हें उठाया। होश में आते ही प्रेमवती छाती पीटते हुए कहने लगीं, बेटा- बेटी के साथ गर्भवती बहू भी चली गई। ईश्वर तूने हमारा बुढ़ापा खराब कर दिया। ऐसा मनहूस दिन किसी को मत दिखाना। वहीं हादसे में मृत सुमन कक्षा नौ की छात्रा थी। वह नगला चमनिया गांव के राधाकृष्ण पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी।

Arun Kumar

Arun Kumar is a senior editor and writer at www.bhartiyasarokar.com. With over 4 years of experience, he is adept at crafting insightful articles on education, government schemes, employment opportunities and current affairs.

Leave a comment