नशे में धुत युवक ने ट्रैफिक एएसआइ को जड़ा थप्पड़

प्रयागराज : सिविल लाइंस के एकलव्य चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआइ) ट्रैफिक को नशे में धुत युवक ने थप्पड़ जड़ दिया। इससे हंगामा मच गया। मौके पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया। आरोपित अशोक कुमार के खिलाफ मुकदमा लिखते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।

पूछताछ में पता चला है कि मारपीट का अभियुक्त सफाई कर्मचारी है।बताया गया है कि एएसआइ ट्रैफिक शकील अहमद कुछ पुलिसकर्मियों के साथ सिविल लाइंस के एकलव्य चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। शाम करीब साढ़े सात बजे चौराहे पर एकाएक कई वाहनों के आ जाने से जाम लगने की नौबत आ गई। इसी बीच एक युवक बाइक को लहराते हुए आ रहा था। बाइक पर एक महिला भी बैठी हुई थी। यह देख एएसआइ को वाहन चालक संदिग्ध लगा तो रोक लिया।

पूछताछ करने परवह उलझ गया और फिर अचानक एएसआइ को थप्पड़ जड़ दिया। यह देख वहां मौजूद सिपाही और दूसरे लोग हतप्रभ रह गए। साथ ही महिला को युवक छोड़कर भागने का प्रयास किया तो लोगों ने घेर लिया। तब तक खबर पाकर एडीसीपी ट्रैफिक कुलदीप सिंह और इंस्पेक्टर सिविल लाइंस रामाश्रय यादव भी फोर्स के साथ पहुंच गए। इसके बाद युवक और महिला को पकड़कर थाने लाया गया।

जांच में पता चला कि महिला और युवक शराब के नशे में हैं। पूछताछ में युवक पहले अपना अलग-अलग नाम बताता रहा, मगर तस्दीक करने पर अशोक कुमार का पता चला। इंस्पेक्टर का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a comment